पिछले दो सालों में कोरोना ने जमकर कहर बरपाया। इस पीढ़ी ने सदी की सबसे बड़ी महामारी भी देखी तो मजबूत पक्ष यह भी रहा कि इस बीमारी ने कई देशों को आत्मनिर्भर भी बना दिया,और इन देशों ने स्वयं के टीके भी लांच किए। हालांकि, इस महामारी का मुकाबला करने में हमने दुनियाभर में 50 लाख लोगों को गंवा दिया। लड़ाई में 240 मिलियन लोग संक्रमित भी हुए। इन सब के बीच अच्छी खबर यह है कि एक दो देश छोड़ दें तो दुनिया के तमाम देशों में कोरोना संक्रमण धीरे-धीरे घट रहा है। विश्व स्वास्थ्य संगठन के आंकड़ों के अनुसार, कई ऐसे देश हैं जहां संक्रमण की दर काफी कम हो गई है।
इन देशों में काफी कम हुआ संक्रमण
डब्ल्यूएचओ के आंकड़ों के अनुसार, स्विट्जरलैंड में पिछले 24 घंटों में कोरोना के सिर्फ तीन नए मामले सामने आए हैं। इसी तरह, ओमान में आठ और जाम्बिया में पांच नए मामले दर्ज किए गए। मोज़ाम्बिक, कोसोवो, सेनेगल, मलावी, इस्वातिनी, बुरुंडी और मेडागास्कर में 10 या उससे कम नए कोविड के मामले दर्ज किए गए हैं।