पाक : अस्पताल में भर्ती रोगियों की संख्या बढ़ी
डॉन अखबार की रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तान में कोविड से संबंधित संक्रमितों के अस्पताल में भर्ती होने की संख्या 45 दिनों में दोगुनी हो गई है। इसमें सक्रिय मामलों की संख्या एक लाख को पार कर गई है। इसके अलावा देश में पिछले 24 घंटों में कुल 7,978 नए कोरोना मामले निकले हैं और 29 की मौत हुई है। इनमें 16 शहरों में 10 फीसदी की दर से संक्रमण के मामले दर्ज किए गए।
पार्टी में शामिल हुए हांगकांग के अधिकारी का इस्तीफा
हांगकांग में बढ़े संक्रमण मामलों के बीच, एक वरिष्ठ अधिकारी को इस महीने दो सौ अतिथियों के साथ जन्मदिन की एक पार्टी में शामिल होने के कारण सोमवार को इस्तीफा देना पड़ा है। चीनी संसद के एक प्रतिनिधि विटमान हंग के जन्मदिन पर आयोजित पार्टी में गृह मामलों के सचिव कैस्पर सुई समेत कई नेता शामिल हुए थे और बाद में कम से कम एक अतिथि की जांच में संक्रमण की पुष्टि हुई थी। सुई ने सोमवार दोपहर को जारी के बयान में कहा कि उन्होंने हाल में संक्रमण फैलने के दौरान बहुत अच्छा उदाहरण पेश नहीं किया था। मैंने जो किया उसकी जिम्मेदारी लेता हूं और इसलिए मैंने इस्तीफा देने का निर्णय लिया है।
कनाडा में टीकाकरण विरोधी ट्रक ड्राइवरों को ट्रंप का समर्थन
पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कनाडा की राजधानी ओटावा में टीकाकरण का विरोध कर रहे ट्रक ड्राइवरों की तारीफ की है। उन्होंने कहा, वहां के ट्रक चालक जो अमेरिका से कनाडा सीमा में जा रहे हैं उनके साथ वहां की सरकार गलत फैसले ले रही है। कनाडा में फ्रीडम कान्वॉय नाम से चल रहा यह प्रदर्शन देश में कोरोना वैक्सीन को अनिवार्य किए जाने और लॉकडॉउन लगाने के खिलाफ है।
जापान : व्यापक स्तर पर बूस्टर खुराक प्रारंभ
जापान ने सेना द्वारा संचालित एक अस्थायी केंद्र में कोविड-19 टीकों की बूस्टर खुराक देने के लिए बड़े पैमाने पर टीकाकरण अभियान शुरू किया है। संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच तीसरी खुराक में हुई देरी की भरपाई के लिए जापान ने टीकाकरण रफ्तार बढ़ा दी है। टोक्यो में सैन्य संचालित केंद्र नवंबर अंत में बंद होने के बाद सोमवार को दोबारा खोला गया। यहां एक दिन में 15,895 नए संक्रमितों की पहचान हुई।