भारतीय दूतावास ने मंगलवार को कहा कि जापानी जहाज ‘डायमंड प्रिंसेस’ पर सवार 138 भारतीयों के संपर्क में है। जहाज पर कुल 3,711 लोग सवार हैं, जिसमें 130 संक्रमित हैं। एक अधिकारी ने बताया कि हालात पर निकटता से नजर रखी जा रही है। एक वीडियो के जरिए इस पर सवार भारतीयों ने मदद की अपील की थी।
चीनी की विकास दर में 1% की कमी का अंदेशा
चीनी सरकार के एक थिंकटैंक ने कहा है कि साल 2020 में पूरे वर्ष के लिए देश की विकास दर में एक प्रतिशत का नुकसान हो सकता है। जानकार मानते हैं कि चीन के पिछड़ने का असर पूरी दुनिया पर पड़ सकता है। वित्तीय क्षेत्र की दिग्गज कंपनी जेपी मार्गन ने अपने ग्राहकों को भेजे नोट में कहा है कि कोरोनावायरस ने चीनी अर्थव्यवस्था का सूरते हाल बदल कर रख दिया है।
घटती बिक्री से परेशान 300 से अधिक चीनी कंपनियों ने 8.2 अरब डॉलर की मांग की है ताकि वे अपने नुकसान की भरपाई कर सकें। इनमें मोबाइल फोन निर्माता कंपनी शिओमी कार्प भी शामिल है।
कंपनियों ने छंटनी का सिलसिला शुरू किया
उत्पादन गिरने और निर्यात में ठहराव आने से परेशान कंपनियों ने अब कर्मचारियों की बड़े पैमाने पर छंटनी शुरू कर दी है। चीनी कंपनी शिनचाओ ने कहा वह 500 कर्मचारियों को निकाल रही है। रेस्त्रां चेन झियेबी ने कहा है कि चिंता है कि करीब 20 हजार कर्मचारियों को वह तनख्वाह कैसे देगी।