फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कोरोनावायरस: चीन में अभी तक 305 लोगों की मौत, संक्रमण को रोकने की कोशिशें तेज

Sun, 02 Feb 2020 09:39 PM IST
आसिम खान वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : PTI
विज्ञापन

कोरोनावायरस के प्रसार को रोकने के लिए चीन ने रविवार को मरीजों को निश्चित इलाके में रखने और प्रभावित इलाके के लोगों के आने-जाने पर रोक सहित कई और कदम उठाए। इस बीच, प्राणघातक विषाणु से मरने वाले लोगों की संख्या 305 हो गई है जबकि 14,000 के करीब लोग संक्रमित हैं। कोरोनावायरस के संक्रमण को देखते हुए चीन के विदेश मंत्रालय ने अपनी दैनिक प्रेस वार्ता को भी ऑनलाइन करने का फैसला किया है। मंत्रालय रोजाना प्रेस वार्ता करता है लेकिन कोरोनावायरस फैलने के बाद 24 जनवरी से यह स्थगित है।

विज्ञापन


मंत्रालय ने कहा, मौजूदा परिस्थितियों की पृष्ठभूमि में चीन के राजनयिक मोर्चे पर हो रही गतिविधियों से पत्रकारों को अद्यतन करने और उनका स्वास्थ्य सुनिश्चित करने के लिए विदेश मंत्रालय ने तीन फरवरी से रोजाना प्रेस वार्ता ऑनलाइन करने का फैसला किया है। प्रवक्ता सोशल मीडिया (चीनी संस्करण) मंच पर मौजूद रहेंगे और पत्रकारों के सवालों का जवाब देंगे। चीन से बाहर कोरोनावायरस से पहली मौत फिलीपीन में हुई और भारत सहित 25 देशों तक यह प्राणघातक विषाणु पहुंच चुका है। 

फिलीपीन में जिस चीनी व्यक्ति की मौत हुई, उसकी उम्र 44 साल है और वह 21 जनवरी को कोरोनावायरस के केंद्र वुहान से 38 वर्षीय चीनी महिला साथी के साथ फिलीपीन पहुंचा था। अबतक चीन से बाहर कोरोनावायरस संक्रमण के 140 मामलों की पुष्टि हुई है जिनमें रविवार को केरल में सामने आया दूसरा मामला भी शामिल है। भारत ने शनिवार और रविवार को दो विमानों के जरिए 647 भारतीयों तथा मालदीव के सात नागरिकों को वुहान से निकाला। वुहान से लाए गए लोगों को विशेषज्ञ डॉक्टरों और चिकित्सा कर्मियों की निगरानी में दो हफ्ते तक रखा जाएगा, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि उनमें संक्रमण के लक्षण न हों।
विज्ञापन


भारत ने तेजी से फैल रहे विषाणु के मद्देनजर रविवार को चीन से आने वाले चीनी एवं अन्य विदेशी यात्रियों के लिए ई-वीजा की सुविधा अस्थायी रूप से स्थगित कर दी। दो भारतीयों- जिन्हें तेज बुखार की वजह से शुक्रवार को विशेष विमान में सवार होने से रोका गया था ने बताया कि अब उनके शरीर का तापमान सामान्य है और जल्द स्वदेश लौटने की इच्छा है। उल्लेखनीय है कि तेज बुखार होने की वजह से चीन के आव्रजन अधिकारियों ने 10 भारतीयों को विशेष विमान में सवार होने की अनुमति नहीं दी थी।

चीन में भारत के राजदूत विक्रम मिस्री ने बताया कि माना जा रहा है कि हुबेई प्रांत में अभी भी करीब 100 भारतीय मौजूद हैं। चीन के राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग (एनएचसी) ने अपनी दैनिक रिपोर्ट में बताया कि शनिवार तक इस बीमारी के कारण 304 लोगों की मौत हुई है। सरकारी चैनल सीजीटीएन ने बताया कि अबतक 14,411 लोगों के इस विषाणु से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। हालांकि, हांगकांग से प्रकाशित साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट ने संक्रमितों की संख्या 14,562 बताई है।

आयोग ने बताया कि कुल 2,110 मरीजों की हालत गंभीर बनी हुई है और कुल 19,544 लोगों के इस विषाणु से संक्रमित होने का संदेह है। चीन के स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि अगले दो हफ्तों में संक्रमण के मामले तेजी से बढ़ सकते हैं जिसके बाद इसमें कमी आएगी क्योंकि लाखों लोग जो चीनी नववर्ष की छुट्टियों पर वुहान और हुबेई प्रांत से चीन के अन्य हिस्सों और विदेश गए थे, वे अब लौट रहे हैं।

एक हजार बिस्तरों का अस्थायी अस्पताल तैयार
कोरोनावायरस ने निपटने के लिए चीन ने वुहान में रिकॉर्ड नौ दिन में एक हजार बिस्तरों का अस्थायी अस्पताल बनाया है जबकि 2,300 बिस्तरों का दूसरा अस्पताल कुछ दिनों में तैयार कर लिया जाएगा। चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने सोमवार से शुरू नवनिर्मित होउशेनशान अस्पताल में मरीजों के इलाज के लिए सेना के 1,400 चिकित्साकर्मियों को भेजने का आदेश दिया। इस अस्पताल की क्षमता एक हजार बिस्तरों की है और इसे खासतौर पर कोरोनावायरस का इलाज करने के लिए बनाया गया है।

सेना के 1,400 चिकित्साकर्मियों में 950 पीपुल्स लिबरेशन आर्मी से सबंद्ध संयुक्त रणनीतिक समर्थन बल के सदस्य हैं जबकि 450 कर्मी सैन्य चिकित्सा विश्वविद्यालय के हैं। इसके साथ ही 15 लोगों के संयुक्त समूह को अस्पतालों को महामारी रोकने एवं नियंत्रित करने के लिए मार्गदर्शन करने के लिए भेजा गया है।

विज्ञापन

कोरोनावायरस: बाजार में 173 अरब डॉलर झोंकेगा चीन का केंद्रीय बैंक

कोरोनावायरस के फैले संक्रमण से अर्थव्यवस्था पर पड़ने वाले अनुमानित असर को दूर करने के लिए चीन के केंद्रीय बैंक ने 1,200 अरब युआन यानी 173 अरब डॉलर झोंकने की योजना बनायी है। पीपुल्स बैंक ऑफ चाइना ने रविवार को एक बयान में कहा कि महामारी से जूझने के क्रम में मुद्रा बाजार को स्थिर बनाये रखने तथा बैंकिंग प्रणाली में पर्याप्त तरलता बनाये रखने के लिये सोमवार से बाजार में भविष्य में ऊंची कीमत पर बिक्री के अनुबंध के तहत बांड खरीद कर 1,200 अरब युआन के बराबर धन का प्रावाह बढ़ाएगी।

बैंक ने कहा कि पूरी बैंकिंग प्रणाली में साल भर पहले की तुलना में धन का प्रवाह 900 अरब युआन अधिक होगा। चीन में नववर्ष की लंबी छुट्टी के बाद सोमवार को बाजार पुन: खुलने वाले हैं। कोरोनावायरस के कारण चीन में अभी तक 300 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है और सरकार ने देश में आवाजाही पर कई तरह की पाबंदियां लगा दी हैं।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें