जापान : पाबंदियों में विस्तार को तैयार
जापान की सरकार कोरोना के ओमिक्रॉन वैरिएंट से संक्रमण के मद्देनजर राजधानी टोक्यो व अन्य क्षेत्रों में सामाजिक पाबंदी लगाने की तैयारी कर रही है। जापान ने महामारी की वजह से अब तक लॉकडाउन नहीं लगाया है लेकिन रेस्तरां व बार समय से पहले बंद करने पर ध्यान केंद्रित किया है। कोविड-19 के मामलों में वृद्धि के बावजूद देश के कई हिस्सों में भीड़ देखी जा रही है और दुकानों और कार्यक्रमों में भारी संख्या में लोग जमा हो रहे हैं।
सबको टीका न मिला तो नए वैरिएंट आते रहेंगे : यूएन
संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुटेरस ने टीकाकरण को विश्व में हर किसी तक पहुंचाने पर जोर दिया है। उन्होंने कहा, हर किसी को टीका सुनिश्चित करना होगा, क्योंकि यदि हम एक को पीछे छोड़ेंगे तो इसका अर्थ हम हर एक को पीछे छोड़ेंगे। वे विश्व आर्थिक मंच (डब्ल्यूईएफ) के ऑनलाइन दावोस एजेंडा, 2022 शिखर सम्मेलन में टीका असमानता को दूर करने के लिए वैश्विक नेताओं से आग्रह कर रहे थे। उन्होंने कहा, यदि सबको टीका नहीं लगा तो वायरस के नए स्वरूप सामने आते रहेंगे जिससे सामान्य जीवन व आर्थिक गतिविधियां प्रभावित होंगी।
हांगकांग में 2000 ‘चूहे’ मारे जाएंगे
प्रशासन ने कहा है कि कोरोना संक्रमित पाए जाने पर करीब 2,000 हैम्स्टर (चूहे जैसे जीव) मारे जाएंगे। पालतू जीवों के एक स्टोर में कई हैम्स्टर संक्रमित पाए गए, क्योंकि वहां एक कोरोना संक्रमित कर्मचारी काम कर रहा था। कुतरने वाली प्रजाति के इस जीव का आयात निर्यात भी रोका जाएगा। हालांकि प्रशासन ने यह भी कहा कि जीवों से मानव में कोरोना फैलने का कोई साक्ष्य नहीं मिला है। लेकिन एहतियाती तौर पर स्टोर से 7 जनवरी के बाद खरीदे सभी हैम्स्टर अनिवार्य रूप से मारे जाएंगे।
विमान चालक दल के दो पूर्व सदस्य गिरफ्तार
पुलिस ने विमान चालक दल के दो पूर्व सदस्यों को कोविड-19 नियम तोड़ने पर गिरफ्तार किया गया है। संक्रमण की आशंका के चलते दोनों पृथकवास में रहने के बजाय कथित तौर पर घर से बाहर निकले थे। ये दोनों लोग 24 और 25 दिसंबर को अमेरिका से आए थे। चिकित्सकीय निगरानी में रहते हुए, उन्होंने अनावश्यक गतिविधियों को अंजाम भी दिया।