तुर्की के उत्तर पश्चिम में एक मालवाहक ट्रेन और मिनी बस की टक्कर में छह लोगों की मौत हो गई। तुर्की की न्यूज एजेंसी डेमिरोरेन की रिपोर्ट के मुताबिक यह हादसा तेकिर्दाग प्रांत के एर्गेन इलाके में हुआ।
मिनी बस में एक फैक्ट्री के दो दर्जन से ज्यादा कर्मचारी सवार थे, जिनमें से छह की मौत हो गई, जबकि छह घायल हैं। हादसा स्थानीय समय के मुताबिक सुबह करीब आठ बजे हुआ। ट्रेन पास में ही मौजूद सेर्केजकोय स्टेशन की तरफ जा रही थी।
इससे पहले 2018 में पास में ही स्थिति चोरलु प्रांत में एक यात्री रेल पटरी से उतर गई थी, जिसमें 25 लोगों की मौत हो गई थी। हालांकि, तब प्रशासन ने दुर्घटना का ठीकरा बारिश के सिर फोड़ा था।
जबकि, पिछले वर्ष तुर्की के चेंबर ऑफ मैकेनिकल इंजीनियर्स ने कहा था कि तुर्की में वैश्विक औसत की तुलना में तीन गुना ज्यादा रेल हादसे होते हैं। वहीं, श्रमिक संघों ने इसके पीछे सुरक्षा बंदोबस्त में समझौता कर लागत में कटौती को वजह बताया है।