सीएनएन के अधिकारियों ने एक बयान में कहा कि अदील रजा की रिपोर्टिंग के जरिए इस्लामाबाद से समाचार जुटाने में कुछ मदद मिली थी। हालांकि, इन घिनौने बयानों को देखते हुए फैसला किया गया है कि अब वह सीएनएन के साथ किसी भी रूप में आगे काम नहीं करेंगे। जानकारी के अनुसार राजा ने यह ट्वीट रविवार को दोपहर 12.45 बजे के आसपास किया था और दोपहर 3.15 बजे के करीब डिलीट कर दिया था।
बता दें कि अदील रजा के ऐसे विवादित ट्वीट नई बात नहीं हैं। इससे पहले साल 2014 में रजा ने एक ट्वीट किया था जिसमें उन्होंने लिखा था कि मैं फाइनल (फीफा विश्वकप) में जर्मनी का समर्थन केवल इसलिए कर रहा हूं क्योंकि हिटलर एक जर्मन व्यक्ति था और उसने यहूदियों के साथ ठीक किया था। इसके अगले ही दिन एक अन्य ट्वीट में अदील रजा ने 'हेल हिटलर' लिखा था, जिसका मतलब है कि हिटलर की जय हो।
रजा की लिंक्डइन प्रोफाइल के अनुसार वह सीएनएन के साथ इस्लामाबाद में अगस्त 2013 से काम कर रहा था। इसके अलावा वह पाकिस्तान के एआरवाई न्यूज का एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर भी है। साल 2016 में उसे इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट ऑफ दि इयर के लिए आगही अवार्ड से सम्मानित किया गया था। रजा के ट्वीट के बाद कई यूजर्स ने सीएनएन से उसे निकालने की और ट्विटर से उअकाउंट बैन करने की मांग की थी।
कश्मीर की तुलना फिलस्तीन से
बता दें कि अदील रजा के विवादित ट्वीट केवल इस्राइल और फिलिस्तीन तक ही सीमित नहीं रहे हैं, भारत के बारे में भी वह ऐसी विवादित टिप्पणियां करता रहा है। भारत में कश्मीर की स्थिति की तुलना भी वह फिलिस्तीन के साथ कर चुका है। इसी साल 15 मई को किए गए एक ट्वीट में रजा ने लिखा था कि जो काम यहूदी फिलिस्तीन में कर रहे हैं वही काम भारतीय हिंदू कश्मीर में कर रहे हैं। दोनों का तरीका एक ही है।