चीन में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक्यूपंक्चर के कारण एक व्यक्ति की मौत हो गई। दरअसल, एक महिला ने ऑनलाइन वीडियो के माध्यम से एक्यूपंक्चर सीखा। उसने जब एक व्यक्ति का इलाज किया तो मरीज की हृदय गति रुक गई और उसकी मौत हो गई। यह घटना पिछले साल जून की है। मृतक की पहचान ली के नाम पर की गई है। ली की अचानक तबीयत खराब हो गई और उसने जियांग्सु प्रांत की एक महिला से मदद मांगी। महिला की पहचान वैंग के तौर पर की गई है। वह अपने गांव में एक्यूपंक्चर कौशल के लिए काफी मशहूर थी। इलाज के लिए वह 500 युआन लेती थी।
इलाज के दौरान व्यक्ति की मौत
इलाज के अंतिम सत्र के दौरान ली को बहुत असुविधा का अनुभव हुआ। वैंग ने ली को उठाकर इधर-उधर पलटने की कोशिश की, लेकिन इस दौरान उसकी मौत हो गई। बाओयिंग काउंटी के पीपुल्स प्रोक्यूरेटोरेट के प्रथम अभियोजन विभाग में सहायक अभियोजक झू युटिंग ने कहा, "जब वह (ली) चल रहा था, उसका चेहरा अचानक से काला हो गया और पैर कमजोर हो रहे थे। वह जमीन पर ही गिर गया। ली को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बच पाई।"
जांच में मालूम चला कि वैंग ने एक्यूपंक्चर की ट्रेनिंग नहीं ली थी, उसने इसे ऑनलाइन वीडियो के माध्यम से सीखा था। फॉरेंसिक रिपोर्ट के अनुसार, ली की मौत हृदय गति रुकने के कारण हुई थी। दरअसल ली को कोरोनरी हृदय रोग था। वैंग पर कानूनी लाइसेंस के बिना घर पर एक निजी क्लिनिक चलाने का आरोप लगाया गया है। अदालत ने वैंग को जुर्माने के साथ 18 महीने जेल की सजा सुनाई।
बता दें कि एक्यूपंक्चर का उपयोग आमतौर पर पारंपरिक चीनी चिकित्सा (टीसीएम) में किया जाता है। इसका उपयोग र्द का इलाज करने और पूरे शरीर में ऊर्जा के प्रवाह को संतुलित करने" के लिए किया जाता है। अगर एक्यूपंक्चर गलत तरीके से किया जाता है तो गंभीर हृदय रोग वाले रोगी पर इसका गलत असर पड़ता है।