चीन ने बुधवार को अपने उस फैसले पर सफाई रखी जिसमें उसने पठानकोट हमले के मास्टरमाइंड पर बैन लगाने के अमेरिका के कदम की खिलाफत की थी। चीन ने अपनी बात को स्पष्ट करते हुए कहा है कि इस मामले में तय नियमों को पूरा नहीं किया गया है।
अंग्रेजी अखबार टाइम्स ऑफ इंडिया की खबर के मुताबिक तीसरी बार अजहर को अंतरराष्ट्रीय आतंकी घोषित करने की खिलाफत के सवाल के जवाब में चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता लू कांग ने कहा कि बीजिंग इस मामले पर 'संबंधित पक्षों' के आम सहमति तक पहुँचने की बात कर रहा है।
लू कांग ने कहा कि पिछले साल संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की 1,267 समिति ने मसूद अजह के इस मामले पर चर्चा की थी, जिसमें कोई आम सहमति नहीं बन पाई थी। इस बार भी एक बार फिर अजहर को अंतरराष्ट्रीय आतंकी घोषित करने की मांग उठाई गई है, लेकिन इस बार भी फैसले तक पहुंचने के लिए मापदंड पूरे नहीं हो पाए हैं।