China-Russia: शी जिनपिंग ने व्लादिमीर पुतिन से फोन पर बातचीत में कहा कि चीन 2024 में ब्रिक्स अध्यक्ष के रूप में रूस के काम का समर्थन करता है और रूस के साथ अंतरराष्ट्रीय बहुपक्षीय सहयोग को गहरा करने के लिए तैयार है।
चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने गुरुवार को अपने रुसी समकक्ष व्लादिमीर पुतिन से फोन पर बातचीत की। इस दौरान उन्होंने कहा कि बीजिंग अंतरराष्ट्रीय बहुपक्षीय सहयोग को बढ़ाने की दिशा में रूस के साथ मिलकर काम करने को तैयार है।
विज्ञापन
गहरा करेंगे अंतरराष्ट्रीय बहुपक्षीय सहयोग
देश के राष्ट्रीय टेलीविजन प्रसारक 'सीसीटीवी' ने शी के हवाले से कहा, चीन 2024 में ब्रिक्स अध्यक्ष के रूप में रूस के काम का सक्रिय रूप से समर्थन करता है और रूस के साथ अंतरराष्ट्रीय बहुपक्षीय सहयोग को गहरा करने के लिए तैयार है। चीनी राष्ट्रपति ने कहा, दोनों देशों को करीबी रणनीतिक तालमेल कायम करना चाहिए और अपने-अपने देशों की संप्रभुता, सुरक्षा और विकास हितों की रक्षा करनी चाहिए।
चीनी नववर्ष की बधाई दी
उन्होंने कहा, दोनों पक्षों को अंदरूनी मामलों दखल को रोकने के लिए बाहरी ताकतों का मजबूती से विरोध करना चाहिए। समाचार एजेंसी शिन्हुआ के मुताबिक, फोन पर दोनों नेताओं ने एक दूसरे को चीनी नववर्ष की शुभकामनाएं भी दीं।
विज्ञापन
दोनों देशों के बीच व्यापक साझेदारी बढ़ाने पर चर्चा
समाचार एजेंसी 'तास' के मुताबिक, 2024 रूस और चीन के बीच राजयनिक संबंधों की 75वीं वर्षगांठ है। दोनों नेताओं ने इससे पहले 2024-25 को संस्कृति वर्ष के हिस्से के रूप में मनाने की घोषणा की थी। क्रेमलिन की प्रेस सेवा के मुताबिक, शी और पुतिन ने फोन पर दोनों देशों के बीच व्यापक साझेदारी को बढ़ाने पर चर्चा की।