चीन ने एक महीने से भी कम समय में देश भर में लगभग 900 सिंप्टोमेटिक संक्रमण पैदा करने वाले कोविड-19 के डेल्टा वैरिएंट पर अंकुश लगाने में विफल रहने के लिए अधिकारियों के एक समूह को दंडित किया है। डेल्टा वैरिएंट के तेजी से फैलने के कारण चीन में कोरोना वायरस का प्रकोप फिर से शुरू हो गया है, इसने कोरोना पर नियंत्रण की बीजिंग की रणनीति को जटिल बना दिया है।
चीन समर्थित ग्लोबल टाइम्स के अनुसार, देश भर में 30 से अधिक अधिकारियों, महापौरों और स्थानीय स्वास्थ्य निदेशकों से लेकर अस्पतालों और एयरपोर्ट के प्रमुखों को लापरवाही और स्थानीय प्रकोपों के लिए दंडित किया गया है।
रिपोर्ट के मुताबिक, चीन में कोरोना के ताजा मामले की शुरुआत मॉस्को से आई एक उड़ान के जरिए हुआ। मध्य जुलाई में चीन के पूर्वी शहर नानजिंग स्थित इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर मॉस्को से एक यात्री विमान उतरा था। इस विमान में सवार सात लोग कोरोना के डेल्टा वैरिएंट से संक्रमित थे। इन यात्रियों से एयरपोर्ट की सफाई करने वाले लोगों में कोरोना वायरस फैल गया और धीरे-धीरे अन्य शहरों को भी अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया।
बीजिंग ने लंबे समय से स्थानीय अधिकारियों को चीन में कोरोना वायरस के उल्लंघन के लिए जिम्मेदार ठहराया है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के मुताबिक कोविड-19 का बेहद संक्रामक डेल्टा वैरिएंट अब तक 135 देशों में सामने आ चुका है और अगले हफ्ते तक कोरोना वायरस संक्रमण के कुल वैश्विक मामले 20 करोड़ के पार चले जाएंगे।