अमेरिका के वाशिंगटन में एक भारतीय टेक उद्यमी ने अपनी पत्नी और बच्चे को गोलीमार कर खुद आत्महत्या कर ली। मामले में अभी तक इस घटना के कारण का पता नहीं चला है। हालांकि पुलिस ने जांच तेज कर दी है।
अमेरिका से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां वाशिंगटन के न्यूकैसल में बीते 24 अप्रैल को एक भारतीय टेक उद्यमी ने अपनी पत्नी और बच्चे को गोलीमार कर खुद आत्महत्या कर ली। मृतकों की पहचान हर्षवर्धन एस किक्केरी (57), उनकी पत्नी श्वेता पन्याम (44) और उनके 14 वर्षीय बेटे के रूप में हुई है।
विज्ञापन
मामले में मीडिया रिपोर्ट के अनुसार दंपति का एक बेटा बच गया, क्योंकि वह घटना के समय घर पर नहीं था। हालांकि, अभी तक इस घटना के पीछे के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि किक्केरी की ओर से उठाए गए इस प्रकार के आपराधिक कदम के पीछे की वजह क्या थी। साथ ही मामले में पुलिस का कहना है कि मामले की जांच चल रही है।
रोबोटिक्स कंपनी होलोवर्ल्ड के संस्थापक
बता दें कि हर्षवर्धन एस किक्केरी मैसूर में मुख्यालय वाली रोबोटिक्स कंपनी होलोवर्ल्ड के संस्थापक और सीईओ थे। उनकी पत्नी कंपनी की सह-संस्थापक थीं। किक्केरी और उनकी पत्नी ने 2017 में भारत लौटकर होलोवर्ल्ड की सह-स्थापना की, लेकिन कोविड-19 महामारी के कारण कंपनी 2022 में बंद हो गई और वे अमेरिका लौट आए।
रोबोटिक्स क्षेत्र में योगदान और पीएम मोदी से मुलाकात
किक्केरी ने रोबोटिक्स के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया था और यहां तक कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मुलाकात की थी। उन्होंने अमेरिका में माइक्रोसॉफ्ट के लिए भी काम किया था।