इंफोसिस कंपनी के संस्थापक नारायण मूर्ति के दामाद ऋषि सुनक ने घोषणा की है कि सरकार उन कर्मचारियों के वेतन का 80 फीसदी हिस्सा कंपनियों को देगी, जिन्हें नौकरी से नहीं निकाला जाएगा। इसके तहत करीब 2,500 पाउंड (2.20 लाख रुपये) प्रति माह तक का वेतन कवर किया जाएगा। यह फैसला वित्तीय दबाव झेल रही कंपनियों द्वारा कर्मचारियों को नौकरी से न निकालने के चलते लिया गया है।
सुनक ने कहा कि इन कदमों से लोगों की नौकरियां बच सकेंगी। इसके लिए कंपनियों को टैक्स विभाग से संपर्क करना होगा। वे उन कर्मचारियों के वेतन के लिए वित्तीय मदद ले सकेंगी जो कोरोना वायरस के चलते काम नहीं कर पा रहे हैं। इसके लिए कंपनियां 12 महीने का ब्याज मुक्त ऋण भी ले सकती हैं। कारोबारियों की मदद के लिए ऋषि सुनक ने 35 करोड़ पाउंड के वित्तीय पैकेज का आकलन भी पेश किया।
निकाले गए कर्मियों को दोबारा रखने पर ही मिलेगी सुविधा
ब्रिटेन के वित्त मंत्रालय ने बताया कि सरकार द्वारा यह छूट उन्हीं कंपनियों को दी जाएगी जिनमें कर्मचारियों को कोरोना वायरस के कारण वित्तीय संकट का सामना करना पड़ रहा है। उन्हें यह रकम तभी मिलेगी जब ऐसे कर्मचारियों को वह दोबारा नौकरी पर रखेगी और नौकरी से निकाले जाने की अवधि को छुट्टी माना जाएगा।
सोशल मीडिया पर मिली तारीफ
भारतवंशी वित्त मंत्री ऋषि सुनक ने कहा, मैं जानता हूं कि लोग अपनी नौकरियां खोने से डरे हुए हैं। वे किश्त, किराया, भोजन और दूसरे बिलों के भरने को लेकर परेशान हैं। ऐसे में सरकार भी कंपनियों के साथ खड़े होने की पूरी कोशिश कर रही है। सोशल मीडिया पर ऋषि द्वारा पेश की गई योजना को काफी बेहतर बताया गया है।