स्वास्थ्यकर्मियों ने पीएम सोफी के दौरे के दौरान इस तरह विरोध जताया।
- फोटो : Twitter
बेल्जियम की प्रधानमंत्री सोफी विल्मेस जब अपनी आधिकारिक यात्रा के दौरान ब्रुसेल्स के सेंट पीटर अस्पताल पहुंची तो चिकित्सा कर्मचारियों ने गर्मजोशी से उनका स्वागत करने की बजाए मुंह फेर लिया। डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों ने उनकी तरफ देखा तक नहीं। वे यहां स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए पहुंची थीं।
दरअसल, विल्मेस का काफिला जब अस्पताल पहुंचा तो कर्मचारी कॉरिडोर के दोनों ओर कतार में प्रधानमंत्री की ओर पीठ करके खड़े हो गए। मेडिकल स्टाफ की यह नाराजगी पीपीई सूट और अन्य सुरक्षा उपकरणों की कमी को लेकर थी। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
घटना का वीडियो एक पत्रकार ने साझा करते हुए लिखा, 'सेंट पीटर अस्पताल में प्रधानमंत्री सोफी विल्मेस का विरोध।' ब्रुसेल्स टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार ऐसा कोविड-19 संकट के बीच चिकित्सा स्वास्थ्यकर्मियों के प्रति सरकार के दृष्टिकोण की वजह से हुआ है। यहां कोरोना की वजह से नौ हजार लोगों की मौत हुई है।
स्वास्थ्यकर्मी कम तनख्वाह, कम बजट और ट्रेंड नर्सों की जगह सस्ते में लोगों को भर्ती करने के भी खिलाफ हैं। वीडियो पर लोग कई तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। जहां कुछ लोग सरकार के रवैये के प्रति निराश हैं तो कुछ ने स्वास्थ्यकर्मियों के इस अनोखे विरोध की सराहना की है। बता दें कि बेल्जियम में कोरोना वायरस के 55,200 मामले सामने आए हैं।