बेल्जियम के सांसद फिलिप डेविंटर ने पाकिस्तान के वहिष्कार की मांग की।
- फोटो : ANI
बेल्जियम के एक सांसद ने पाकिस्तान को आतंकी देश करार दे दिया है। यहां के प्रेस क्लब में रविवार को हुए एक कार्यक्रम में पाकिस्तान द्वारा आतंकवाद को दिए जा रहे समर्थन पर चिंता जाहिर की गई। इसी बीच कार्यक्रम में आए बेल्जियम के सांसद फिलिप डेविंटर ने पाकिस्तान को एक आतंकी देश तक बता दिया। उन्होने तालिबान की तरह पाकिस्तान को भी दुनिया के लिए एक खतरा बताया और कहा कि सभी देशों को आतंकियों का समर्थन करने वाले पाकिस्तान के साथ रिश्ता नहीं रखना चाहिए।
सांसद ने कहा कि पाकिस्तान लंबे समय से अंतरराष्ट्रीय आतंकवाद को बढ़ावा देता आया है और भविष्य में भी ऐसा ही करेगा। पूरे क्षेत्र में आतंकवाद को बढ़ावा देने में पाकिस्तान का बहुत बड़ा हाथ है। इसलिए सभी देशों को मिलकर उसका बहिष्कार कर देना चाहिए। फिलिप ने यूरोपियन संघ की आतंकवाद पर एक रिपोर्ट का हवाला देते हुए यह बात कही। उन्होंने आगे कहा कि पाकिस्तानी मदद से तालिबान का अफगानिस्तान पर कब्जा पूरी दुनिया के लिए एक खतरा है।
तालिबान का बहिष्कार ही सही कदम
सांसद ने आगे कहा कि अफगानिस्तान में अमेरिकी नेतृत्व वाली सेना के हारने के बाद इस बात की पूरी संभावना है कि कट्टरपंथी मुस्लिम यूरोप से सीरिया की ओर जाएंगे। इससे वैश्विक आतंकवाद के बढ़ने का खतरा मंडराने लगा है। तालिबान के पास पैसे, संसाधन और कट्टरपंथियों को एकजुट करने के सभी तरीके मौजूद हैं। पूरी दुनिया को इस बात से सावधान रहना चाहिए।
उन्होंने अपने देश बेल्जियम के बारे में भी बात करते हुए कहा कि हमें अब तालिबान के मुद्दे को गंभीरता से लेना चाहिए। उनसे समझौता करना सही कदम नहीं है। तालिबान के साथ एक ही सौदा सही है और वह है उसका बहिष्कार। वो पश्चिमी यूरोप के साथ पूरी दुनिया के लिए खतरा हैं।
जम्मू और कश्मीर में भी बढ़ सकता है आतंकवाद
इसी बैठक में यूरोपियन फाउंडेशन फॉर साउथ एशियन स्टडीज के निदेशक जुनैद कुरैशी ने बताया कि अफगानिस्तान पर तालिबान के कब्जे के बाद से आतंकी घटनाओं में बढ़ोतरी देखी गई है। उन्होंने भविष्य में इन घटनाओं के और ज्यादा बढ़ने की आशंका जताई और कहा कि इसका असर भारत के जम्मू-कश्मीर पर भी देखने को मिल सकता है।
कुरैशी ने इन आतंकी गतिविधियों के बढ़ने में पाकिस्तान की अहम भूमिका होने की बात कही। उन्होनें कहा कि इस क्षेत्र में पाकिस्तान आतंकियों को मदद मुहैया करवा रहा है। पाकिस्तान का आतंकियों को इस तरह समर्थन देना पूरी दुनिया में शांति और स्थिरता के लिए एक खतरे की घंटी है। खासकर जम्मू-कश्मीर में, जहां लोग शांति से अपना जीवन जीना चाहते हैं। बता दें कि आतंकवाद को समर्थन देने के मामले में पाकिस्तान दुनियाभर के देशों में पहले से ही बदनाम है। लेकिन, अफगानिस्तान में तालिबान को मदद देकर वह पूरी दुनिया के निशाने पर आ गया है। अमेरिका की सीनेट में भी पाकिस्तान पर कार्रवाई करने के लिए बिल लाया जा चुका है।