अमेरिका के शीर्ष संक्रामक रोग विशेषज्ञ डॉक्टर एंथनी फाउची ने बड़ा दावा करते हुए कहा कि इस बार आने वाली सर्दी में अमेरिका को कोरोना से राहत मिलने वाली है। दरअसल, उन्होंने कहा है कि इस सर्दी में साल 2020 की सर्दी की तुलना में कम लोगों की मौत होगी। फाउची ने कहा कि टीकाकरण के बाद से लोग कम संख्या में अस्पताल में भर्ती हो रहे हैं और मौतें भी कम हो रही हैं। उन्होंने कहा कि सर्दी आने तक कोरोना से होने वाली मौतों की संख्या और कम हो जाएगी।
हालांकि सितंबर में, संक्रामक रोग विशेषज्ञ ने चेतावनी दी थी कि डेल्टा वेरिएंट अमेरिका में प्राथमिक चिंता का विषय बना हुआ है, जिससे संयुक्त राज्य अमेरिका में नए मामलों की हिस्सेदारी 13.5 फीसदी बढ़कर 98 फीसदी से अधिक हो गई है। लेकिन देश में जैसे- जैसे टीकाकरण की रफ्तार बढ़ रही है वैसे-वैसे मामले भी कम हो रहे हैं।
अनवैक्सीनेटेड आबादी में डेल्टा वेरिएंट फैलने की आशंका
डॉ. फाउची ने कहा कि अमेरिका में अनवैक्सीनेटेड आबादी में डेल्टा वेरिएंट फैलने की वजह से मृतकों की संख्या में इजाफा हो रहा है। लेकिन अगर टीकाकरण की रफ्तार और बढ़ाई जाती है और इन अनवैक्सीनेटेड को जल्द से जल्द टीका लगाया जाता है तो सर्दी के आने से पहले राहत मिल जाएगी।
अमेरिका में मृतकों की संख्या 7 लाख से अधिक
संयुक्त राज्य अमेरिका में पुष्टि किए गए कोरोनावायरस मामलों की संख्या और मृतकों की संख्या दुनिया के सभी देशों से अधिक है। जॉन हॉपकिंस विश्वविद्यालय के नवीनतम आंकड़ों के अनुसार, महामारी की शुरुआत के बाद से अमेरिका ने लगभग 4.5 करोड़ से अधिक मामले दर्ज किए हैं और मृतकों की संख्या 7.33 लाख को पार कर गई है।