अमेरिका के रक्षामंत्री जेम्स मैटिस ने भारत में अपने समकक्ष मनोहर परिकर को फोन किया और द्विपक्षीय रक्षा सहयोग में हुई शानदार प्रगति को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया। उन्होंने भारत-अमेरिका के बीच ‘अहम द्विपक्षीय रक्षा प्रयासों को बरकरार रखने’ पर भी सहमति जताई। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन में गत माह रक्षामंत्री का पद संभालने के बाद मैटिस ने पहली बार अपने भारतीय समकक्ष से बात की।
पेंटागन के प्रवक्ता कैप्टन जेफ डेविस ने बताया कि - ‘फोन पर हुई इस चर्चा में रक्षामंत्री मैटिस ने पिछले कुछ वर्षों में द्विपक्षीय रक्षा सहयोग में होने वाली शानदार प्रगति को आगे बढ़ाने के प्रति प्रतिबद्धता जताई। उन्होंने भारत-अमेरिका संबंधों की रणनीतिक जरूरत और वैश्विक शांति व सुरक्षा को मजबूत करने में भारत की भूमिका को रेखांकित किया।’ दोनों नेताओं के बीच बुधवार को हुई बातचीत के बाद डेविस ने कहा ने सुरक्षा प्रौद्योगिकी और व्यापार पहल के प्रति भी अपना संकल्प जताया।