आतंकवादी संगठन आईएस के पास सीरिया के खाली पासपोर्ट और प्रिंटिंग मशीन हो सकती है। ऐसे में इस बात की आशंका है कि आईएस समर्थक असली जैसे दिखने वाले फर्जी पासपोर्ट की सहायता से अमेरिका में घुस आए हों। अमेरिकी एजेंसी की खुफिया रिपोर्ट में यह चेतावनी दी गई है।
रिपोर्ट के अनुसार रक्का और दार एज-जोर शहर आतंकवादियों के कब्जे में हैं। दार एज-जोर में पासपोर्ट कार्यालय है। ऐसी आशंका है कि आईएस के हाथ खाली पासपोर्ट और प्रिंटिंग मशीन लग गई है। इसका मतलब है कि अब आतंकी खुद भी जाली पासपोर्ट जारी कर सकते हैं।
सबसे बड़ी परेशानी की बात यह है कि ये पासपोर्ट देखने में असली जैसे होंगे। एफबीआई के निदेशक जेम्स कोमे के मुताबिक सूत्र से पता चला है कि सीरिया में 200 से 400 अमेरिकी डॉलर में फर्जी पासपोर्ट हासिल किए जा सकते हैं।