एयर एशिया के लापता विमान की खोज में इंडोनेशिया कुछ
टीमों को एक टापू पर भेज रहा है जहाँ से धुँआ उठता हुआ देखा गया है। ये
टापू उस क्षेत्र में स्थित हैं जहाँ दो दिन पहले 162 यात्रियों के साथ
विमान लापता हुआ था।
उधर अमरीका भी इंडोनेशिया के सुराबाया से
सिंगापुर जा रहे विमान की खोज में मदद के लिए अपना नौसेनिक पोत भेज रहा है
जो मंगलवार को जावा समुद्र में पहुँचेगा।
बता दें कि रविवार को
इंडोनेशिया के सुराबाया से सिंगापुर जा रहे एयर एशिया के लापता विमान में
162 यात्री सवार थे। विमान उड़ान भरने के दो घंटे बाद से लापता है। इस
विमान की खोज में पहले से सिंगापुर, मलेशिया, ऑस्ट्रेलिया और फ्रांस मदद कर
रहे हैं।
वहीं इंडोनेशिया की खोज और बचाव एजेंसी के प्रमुख ने
आशंका जताई कि एयर एशिया का लापता विमान समुद्र के तल में हो सकता है।
इंडोनेशिया के खोजी दल के प्रमुख ने बताया कि विमान की खोज में कम से कम 30
नौसेनिक पोत, पंद्रह एयरक्राफ्ट और सात हेलिकॉप्टर लगे हुए हैं। दक्षिण
कोरिया, थाईलैंड और चीन ने भी विमान की खोज में मदद करने का प्रस्ताव दिया
है।