स्थानीय अमेरिकी नेताओं ने नागरिकों से मिनियापोलिस में एक निहत्थे अश्वेत व्यक्ति की मौत पर जारी अपने गुस्से को रचनात्मक रूप देने की अपील की है। वहीं वाशिंगटन, लॉस एंजिलिस और हाउस्टन में रात में कर्फ्यू लगाया गया। प्रदर्शन के मद्देनजर हजारों पुलिस और राष्ट्रीय रक्षक सैनिकों की तैनाती की गई है।
स्टोर्स पर की लूटपाट
अमेरिका के शहरों में बड़े पैमाने पर हिंसा देखने को मिल रही है। रविवार को फिलाडेल्फिया के एक इलाके में दुकानों में लूटपाट की गई। इसके अलावा लॉस एंजिल्स में एक लोकप्रिय समुद्र तट खरीदारी केंद्र की दुकानों पर भी लूटपाट की गई।
हम दर्द में हैं: जो बिडेन
ट्रंप के प्रतिद्वंदी जो बिडेन नस्लवाद-विरोधी प्रदर्शन के एक स्थल में शामिल हुए। उन्होंने ट्वीट कर कहा, ‘हम सभी अभी एक दर्द वाले राष्ट्र में हैं लेकिन हम इस दर्द को हमें नष्ट नहीं करने देंगे।’ इसके साथ ही उन्होंने एक तस्वीर साझा की जिसमें वे एक प्रदर्शनस्थल पर अफ्रीकी-अमेरिकी परिवार से बात कर रहे हैं।
बंकर में ले जाए गए राष्ट्रपति ट्रंप
वाशिंगटन डीसी में शुक्रवार रात व्हाइट हाउस के बाहर प्रदर्शनकारियों के जमा होने पर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को कुछ समय के लिए एक भूमिगत बंकर में ले जाया गया था। व्हाइट हाउस अधिकारियों और कानून प्रवर्तन सूत्रों ने इस बात की जानकारी दी। राष्ट्रपति ट्रंप ने बंकर में लगभग एक घंटा बिताया और उसके बाद उन्हें ऊपर लाया गया।
ह्यूस्टन में होगा जॉर्ज फ्लॉयड का अंतिम संस्कार
पूरे अमेरिका में चल रहे विरोध प्रदर्शन के बीच अब फ्लॉयड का अंतिम संस्कार उनके गृहनगर ह्यूस्टन में किया जाएगा। ह्यूस्टन के मेयर सिलवेस्टर टर्नर ने शनिवार को अंतिम संस्कार के संबंध में जानकारी दी थी। हालांकि सार्वजनिक तौर पर यह जानकारी अभी नहीं दी गई है कि अंतिम संस्कार कब होगा। ह्यूस्टन पुलिस ने इस हत्या के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे सैंकड़ों लोगों को गिरफ्तार किया है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है