अफगानिस्तान के टखर प्रांत में शनिवार देर रात तालिबान के हमले में सरकार समर्थित 17 लड़ाकों (मिलिशिया) की मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि हमला सरकार समर्थित स्थानीय लड़कों के एक कमांडर को निशाना बनाकर किया गया था, जिसमें वह बच निकला।
टखर प्रांत के गवर्नर जवाद हाजरी ने तालिबान के हमले में मारे गए लड़ाकों की पुष्टि की है। सरकार समर्थित लड़ाके दूर दराज के इलाकों में तालिबान से मोर्चा से लेते हैं और वे रक्षा या गृह मंत्रालय के अधीन काम करते हैं। तालिबान के प्रवक्ता जबीउल्ला मुजाहिद ने शनिवार रात हुए इस हमले की जिम्मेदारी ली है।
तालिबान की ओर से यह हमला ऐसे वक्त किया गया है, जब अफगानिस्तान की सरकार अस्थायी तौर पर देशव्यापी युद्ध विराम का प्रयास कर रही है। हालांकि, तालिबान इसके लिए तैयार नहीं है। इससे पहले बल्ख प्रांत में तालिबान आतंकियों के हमले में सात अफगानी सैनिकों की मौत हो गई थी।
सोमवार को कुंदूज प्रांत में तालिबान ने अमेरिकी सेना और अफगानिस्तान की सेना को निशाना बनाया था। सड़क किनारे हुए बम धमाके एक अमेरिकी सैनिक की मौत हो गई थी।