Nepal Gen Z Protests: नेपाल में हुई हिंसा के बाद अब स्थिति कुछ धीरे-धीरे सामान्य होती नजर आ रही है। दो दिन तक हिंसक आंदोलन के बाद नेपाल की राजधानी में हालात धीरे-धीरे सामान्य हो रहे हैं। मगर, लोगों के मन में सरकार को लेकर कई सवाल भी हैं
बता दें कि, नेपाल की राजधानी काठमांडो बीते हफ्ते अचानक जल उठी। सोमवार सुबह 9 बजे सरकार ने फेसबुक, एक्स, यूट्यूब, व्हाट्सएप समेत 26 सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म तक को बंद करने का आदेश दिया। तर्क दिया गया कि इससे अफवाहों और असंतोष पर लगाम लगेगी। पर, हुआ इसके ठीक उलट। सिर्फ तीन घंटे बाद ही यूनिवर्सिटी कैंपस से प्रदर्शन शुरू हो गया।
युवाओं ने वीपीएन यानी वर्चुअल प्राइवेट नेटवर्क के जरिये लाइवस्ट्रीम चलाए और मीम्स-वीडियो के जरिये गुस्से को हवा दी। शाम तक 10 जिले कर्फ्यू में थे और रात होते-होते पुलिस-भीड़ की हिंसक झड़पों में 19 लोग मारे जा चुके थे। अगले दिन सुबह प्रवासी चैनलों ने पूरी दुनिया में तस्वीरें और वीडियो फैला दिए। अंतरराष्ट्रीय दबाव बढ़ा और मंगलवार शाम 4 बजे प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली को इस्तीफा देना पड़ा। पूरी कहानी सिर्फ 36 घंटे में घट गई। इतनी तेजी से कि कोई सेना कॉलम भी इतनी जल्दी नहीं पहुंच सकता।