खटीमा। देवभूमि व्यापार मंडल के गठन का प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों एवं व्यापारियों ने विरोध किया। उन्होंने नवगठित देवभूमि व्यापार मंडल को राजनीति से प्रेरित बताया। बुधवार को लोहियाहेड मार्ग स्थित एक होटल में प्रेस वार्ता कर प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष पद के प्रत्याशी रहे अमन अरोरा ने कहा कि नवगठित देवभूमि व्यापार मंडल में अध्यक्ष, महामंत्री व कोषाध्यक्ष पद पर भाजपा से जुड़े लोगों को नियुक्त किया गया है। इससे व्यापारिक संगठन की निष्पक्षता और स्वतंत्रता पर सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने देवभूमि व्यापार मंडल को भारतीय जनता पार्टी व्यापार मंडल का नाम दिया। व्यापारियों ने कहा कि व्यापार मंडल किसी भी राजनीतिक दल का मंच नहीं होना चाहिए, बल्कि व्यापारियों के हितों की रक्षा करने वाला स्वतंत्र और निष्पक्ष संगठन होना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक हस्तक्षेप से व्यापारियों की एकता प्रभावित होगी और व्यापारिक समस्याओं के समाधान की जगह संगठन राजनीतिक उद्देश्यों की पूर्ति का माध्यम बन जाएगा।व्यापारियों ने देवभूमि व्यापार मंडल के गठन व उसकी कार्यप्रणाली पर आपत्ति जताते हुए निष्पक्ष और लोकतांत्रिक तरीके से व्यापारियों के प्रतिनिधित्व की मांग की। उन्होंने कहा कि खटीमा में आई आपदा में व्यापारियों को नुकसान के राहत राशि चेक वितरण नहीं किए गए,तो आंदोलन किया जाएगा। वहां पर नासिर खान, बादल सक्सेना, मो.जरीफ, गुलफाम अली, रवि अग्रवाल,हिमांशु चौहान आदि थे।