रुद्रपुर में महाशिवरात्रि पर्व पर शिव धाम भोले की जयकार से गुंजायमान हो उठे। शिव मंदिरों में पूजा-अर्चना के लिए लोगों का तांता लगा रहा। नगर के शिव शक्ति मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। भगवान शंकर के दर्शनों के लिए लोगों को लाइन लगानी पड़ी। नगर के आवास विकास स्थित प्राचीन शिव शक्ति मंदिर, पांच मंदिर स्थित शिव मंदिर, मनकामेश्वर मंदिर, जयनगर के शिव मंदिर, ट्रांजिट कैंप के शिव मंदिर के साथ ही तमाम शिव मंदिरों में रविवार तड़के चार लबजे से ही लोगों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। हरिद्वार से गंगाजल लेकर पहुंचे शिव भक्तों ने मंदिरों में जलाभिषेक किया। इन मंदिरों की क्षेत्र में काफी मान्यता है। मंदिरों में कांवड़ियों के लिए फलाहार बनाया गया था।