ऊखीमठ/रुद्रप्रयाग। सेवा, सुशासन एवं समर्पण अभियान के अंतर्गत सेवा सप्ताह के अवसर पर ब्लॉक सभागार में जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार कार्यक्रम का रविवार को आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सरकार की योजनाओं को अंतिम छोर तक पहुंचाना, आमजन की समस्याओं का मौके पर समाधान करना रहा। कार्यक्रम में दूरस्थ गांवों से पहुंचे ग्रामीणों ने प्रतिभाग कर हुए विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम की अध्यक्षता बीकेटीसी के उपाध्यक्ष विजय कपरवाण व केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न विभागों के लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण कर अधिकारियों से योजनाओं की जानकारी ली तथा लाभार्थियों से संवाद भी किया। कार्यक्रम में स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, उद्यान, मत्स्य, पर्यटन, डेयरी, सहकारिता, रीप, महिला एवं बाल विकास, उद्योग, पशुपालन, ग्रामीण विकास, समाज कल्याण, आजीविका, स्वरोजगार सहित विभागों के स्टॉल लगाए गए। कार्यक्रम की विशेष आकर्षण स्थानीय संस्कृति की झलक रही। महिला मंगल दलों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी। वहीं प्रसिद्ध जागर गायिका रामेश्वरी भट्ट ने अपनी प्रस्तुतियों से उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध किया ।