जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार अभियान के तहत जनपद रुद्रप्रयाग की 27 न्याय पंचायतों में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। मंगलवार को तहसील जखोली अंतर्गत राजकीय इंटर कॉलेज तैला में प्रशासन गांव की ओर कार्यक्रम आयोजित किया गया। शिविर की अध्यक्षता जिलाधिकारी प्रतीक जैन ने की। शिविर में कृषि, उद्यान, पशुपालन, डेयरी, मत्स्य, उद्योग, समाज कल्याण, पंचायती राज, स्वास्थ्य विभाग, आयुष्मान भारत, राजस्व, आजीविका मिशन सहित विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए। इन स्टॉलों के माध्यम से ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी दी गई। वहीं जनसुनवाई के दौरान ग्रामीणों ने मसाणपानी जलस्रोत तक क्षतिग्रस्त पैदल मार्ग, जखोली क्षेत्र में पेयजल समस्या, कुरछोला में शिक्षकों की कमी, पंचायत भवन मरम्मत, जंगली जानवरों की बढ़ती सक्रियता, आधार कार्ड निर्माण व लंबित सड़क मुआवजा संबंधित 100 से अधिक समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। साथ ही ग्रामीणों ने क्षेत्र के आध्यात्मिक महत्व को देखते हुए पर्यटन विकास की मांग भी रखी।