सेवा, सुशासन एवं समर्पण अभियान के तहत शुक्रवार को अगस्त्यमुनि क्रीड़ा भवन से जनपद में सेवा पखवाड़े का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी और पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित किया। कार्यक्रम में सूचना विभाग के सांस्कृतिक दलों, महिला मंगल दलों और स्कूली छात्र-छात्राओं ने लोकगीत, लोकनृत्य व जागरूकता कार्यक्रम प्रस्तुत किए। साथ ही स्वच्छता अभियान चलाया गया तथा नशा मुक्ति और मतदाता जागरूकता की शपथ दिलाई गई। मुख्य अतिथि केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने बताया कि सेवा पखवाड़े के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में जनसुनवाई और योजनाओं का लाभ दिया जाएगा।