रुद्रप्रयाग। मौसम विभाग की ओर से जारी ऑरेंज अलर्ट और जिले में लगातार हो रही बारिश को देखते हुए प्रशासन ने एहतियात के तौर पर केदारनाथ यात्रा मंगलवार और बुधवार के लिए अस्थायी रूप से रोक दी है। इस दौरान सोनप्रयाग से धाम के लिए नए यात्रियों को रवाना नहीं किया जाएगा। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि मौसम विभाग की ओर से जारी ऑरेंज अलर्ट के चलते शासन ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनजर दो दिन तक अस्थाई तौर पर यात्रा को रोक दिया है। उन्होंने बताया कि सोमवार को केदारनाथ धाम पहुंचे यात्रियों को सुरक्षित तरीके से उनके गंतव्य की ओर भेजा जा रहा है। वहीं जिले में किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और अन्य आपदा प्रबंधन टीमें पूरी तरह सतर्क हैं। प्रशासन लगातार मौसम और यात्रा मार्ग की स्थिति पर नजर बनाए हुए है।