सावित्री गैस एजेंसी पर उपभोक्ताओं ने आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि एजेंसी के कर्मचारी गैस सिलेंडर देने से पहले उन्हें जबरन पाइप और बीमा लेने के लिए दबाव डाल रहे हैं। पहले पाइप और बीमा लीजिए, उसके बाद गैस मिलेगी जैसी बातें उपभोक्ताओं ने मीडिया के सामने आकर आपबीती सुनाई। उपभोक्ताओं का कहना है कि उनके पास पहले से ही गैस पाइप मौजूद है और बीमा पॉलिसी लेने का निर्णय पूरी तरह उनकी मर्जी पर निर्भर होना चाहिए, लेकिन एजेंसी ने सिलिंडर उपलब्ध कराने के लिए उन्हें बीमा और पाइप लेने पर मजबूर किया। सिलिंडर लेने आए एक उपभोक्ता ने बताया कि जब मीडिया के लोग एजेंसी पहुंचे तो उसकी गैस की किताब पर आनन-फानन में कार्यालय में तैनात पर्ची काट रहे कर्मी ने किताब पर (पाइप ले चुके) लिख दिया। उपभोक्ता ने आरोप लगाया कि जबकि उसने एजेंसी से कोई पाइप ही नहीं लिया। वहीं एक उपभोक्ता ने आपबीती बताकर हैरान ही कर दिया, बताया कि उसके मोबाइल पर बिना गैस लिए ही गैस डिलीवरी का मैसेज आया तो वह चौंक गया। उसने एजेंसी पहुंच कर इसकी शिकायत संचालक से की। पीड़ित उपभोक्ताओं ने नाराजगी व्यक्त करते हुए प्रशासन और संबंधित विभाग से एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।