पिथौरागढ़। घोषणा और दावों के बाद भी पासपोर्ट कार्यालय न खुलने और ऑलवेदर सड़क की बदहाली से नाराज पार्षदों और अन्य युवाओं ने क्षेत्रीय सांसद के खिलाफ प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि पासपोर्ट कार्यालय खोलने के झूठे दावे कर सीमांत के लोगों को छला जा रहा है। कलक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शनकारियों ने कहा कि पिछले 12 वर्षों से सीमांत जिले में बुनियादी सुविधाओं का अभाव बना हुआ है। जिले में तमाम दावों के बाद भी आज तक पासपोर्ट कार्यालय नहीं खुल सका है। पिछले कई सालों से सीमांत के लोगों को इसका सिर्फ झूठा आश्वासन दे रहे हैं। मजबूर होकर जिले के लोगों को पासपोर्ट बनाने के लिए अल्मोड़ा और देहरादून के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। पार्षदों ने कहा कि सड़क परिवहन राज्य मंत्री होने के बावजूद सांसद के गृह जनपद पिथौरागढ़ में सड़कों की स्थिति खराब है। ऑल वेदर रोड सरकार के लिए सिर्फ कमाई का जरिया बनकर रह गई है। सभी ने कहा कि सांसद को इन मामलों पर जवाब देना चाहिए। प्रदर्शन करने वालों में प्रदर्शन में युवा कांग्रेस के प्रदेश सचिव अभिषेक बोहरा, पार्षद त्रिलोक महर, राहुल लुंठी, युकां जिलाध्यक्ष धीरज बेरी, मनोज ठकुराठी, जगदीश बिष्ट, काशिफ, पंकज जोशी, वीर, विक्की, नीरज, अनन्य आदि शामिल रहे।