संविधान और डॉ. भीमराव आंबेडकर के खिलाफ दिए बयान पर भड़के कांग्रेसियों ने पीएम और गृह मंत्री का पुतला फूंका। कार्यकर्ताओं ने कहा कि गृह मंत्री ने संविधान का अपमान किया है। ऐसे में उन्हें संसद से इस्तीफा देना चाहिए। बृहस्पतिवार को कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष अंजू लुंठी के नेतृत्व में सिल्थाम तिराहे पर प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि गृह मंत्री ने संविधान और इसके निर्माता के खिलाफ अभद्र टिप्पणी की है। इससे साफ है मौजूदा सरकार संविधान के खिलाफ काम कर रही है। डॉ. आंबेडकर के विचारों पर पूरा देश चल रहा है लेकिन भाजपा संविधान को बदलना चाहती है। यदि पीएम संविधान बचाने की बात कर रहे हैं तो उन्हें इसके खिलाफ गलत बयानबाजी करने वाले गृह मंत्री के खिलाफ कठोर कार्रवाई करनी चाहिए। चेतावनी दी कि गृह मंत्री के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी। प्रदर्शन में पद्मा बिष्ट, आशा देवी, हेमा देवी, कलावती देवी, शमशेर महर, राकेश कुमार, कोमल साही, निखिल ऐरी, राहुल लुंठी, विवेक लोहिया आदि शामिल रहे।