पिथौरागढ़ नगर निगम की ओर से ऐंचोली में विकास भवन और कलक्ट्रेट को जोड़ने वाली सड़क पर पूर्व कैबिनेट मंत्री स्व. प्रकाश पंत की स्मृति में बने प्रवेश द्वार का लोकार्पण किया गया। मेयर कल्पना देवलाल, पूर्व विधायक चंद्रा पंत सहित अन्य लोगों ने द्वार का लोकार्पण करते हुए स्व. पंत को याद किया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने द्वार के लोकार्पण से पूर्व सरदार बल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य पर एपीएस तिराहे से ऐंचोली तक पदयात्रा निकाली। पदयात्रा के समापन के बाद भाजपा जिलाध्यक्ष गिरीश जोशी, मेयर कल्पना देवलाल, पूर्व विधायक चंद्रा पंत, जिला पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र प्रसाद, दायित्वधारी गणेश भंडारी ने संयुक्त रूप से फीता काटकर पूर्व कैबिनेट मंत्री स्व. प्रकाश पंत की स्मृति में बने प्रवेश द्वार का लोकार्पण किया। मेयर कल्पना देवलाल ने कहा कि स्व. पंत ने जिले के विकास के जो सपने देखे थे वे आज साकार हो रहे हैं। ऐसे जननायक को कभी भुलाया नहीं जा सकता। सभी ने उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। इस मौके पर इंदर लुंठी, पूर्व पालिकाध्यक्ष जगत सिंह खाती, राजेंद्र रावत, भूपेश पंत, राकेश देवलाल, विरेंद्र वल्दिया, गोपू महर आदि मौजूद रहे।