पिथौरागढ़ में टनकपुर-तवाघाट हाईवे की बदहाली को लेकर कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि घाट बैंड के पास दो साल से डंप मलबा नहीं हट सका है। इस स्थान पर दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। हजारों यात्री और वाहन चालक हर रोज जान जोखिम में डालकर आवाजाही करने के लिए मजबूर हैं। कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुकेश पंत के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सिल्थाम तिराहे पर एकत्र होकर प्रदर्शन करते हुए सरकार का पुतला जलाया। पंत ने कहा कि टनकपुर से पिथौरागढ़ तक ऑलवेदर सड़क का निर्माण कर सीमांत के लोगों की आवाजाही सुगम बनाने के दावे किए गए थे। इस सड़क पर पहाड़ियों हर मौसम में दरक रही हैं और यात्री खतरे के बीच सफल कर रहे हैं। घाट बैंड के पास पिछले दो साल से मलबा डंप है। इस स्थान पर सड़क संकरी हो गई है। सड़क पर गड्ढे बन गए हैं। अब तक मलबा हटाकर सड़क दुरुस्त नहीं की जा सकी है। कार्यकर्ताओं ने कहा कि मानसूनकाल शुरू होने में कुछ ही समय शेष है। आदि कैलाश और कैलाश मानसरोवर यात्रा भी जल्द शुरू होगी। ऐसे में इस स्थान पर मलबा न हटने से मानसूनकाल में श्रद्धालुओं, पर्यटकों और यात्रियों को खासी दिक्कत का सामना करना पड़ेगा। केंद्रीय सड़क एवं परिवहन राज्य मंत्री के गृह क्षेत्र में ऑलवेदर सड़क की यह हालत सरकार की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर रही है। चेतावनी देते हुए कहा कि जल्द मलबा हटाकर सड़क दुरुस्त नहीं की गई तो कांग्रेस सड़कों पर उतरेगी। प्रदर्शन करने वालों में पूर्व दायित्वधारी महेंद्र लुंठी, पार्षद राहुल लुंठी, हिमांशु ओझा, सुधीर चौहान, निकीता हावर्ड, निशीद उप्रेती, मनु ठकुराठी, आशीष हावर्ड आदि मौजूद रहे।