गैस की आपूर्ति न होने से नाराज 11 गांव के लोग कलक्ट्रेट धमके -ग्रामीणों ने कहा बुकिंग कराकर कर रहे हैं सिलिंडर का इंतजार, खाना पकाने के लिए भी नहीं हैं अन्य साधन संवाद न्यूज एजेंसी पिथौरागढ़। लंबे समय से रसोई गैस की आपूर्ति न होने से नाराज नगर से लगे 11 गांवों के ग्रामीण कलक्ट्रेट पहुंचे और डीएम को ज्ञापन दिया। उन्होंने कहा कि हम लंबे समय से बुकिंग कराकर सिलिंडर का इंतजार कर रहे हैं। खाना पकाने के लिए अन्य साधन भी नहीं है। ग्रामीण क्षेत्रों के लिए 45 दिन बाद गैस की आपूर्ति करने का नियम उन पर भारी पड़ रहा है। नगर से लगे जाजरदेवल, सुजई, ओड़माथा, नैनीसैनी, खांकर, देवत, पधेड़ा, नाघर, सेरी, कुम्डार, कनारी पाभै, कुसौली के जनप्रतिनिधि और ग्रामीणों ने कलक्ट्रेट पहुंचकर डीएम को ज्ञापन दिया। उन्होंने कहा कि एक महीने बाद भी उनके क्षेत्रों में रसोई गैस का वितरण नहीं हुआ है इससे 20 हजार की आबादी को खासी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। उपभोक्ताओं ने बुकिंग कराई है। इसके बाद भी सिलिंडरों का वितरण नहीं किया जा रहा है। शहर के नजदीक होने से लकड़ी की व्यवस्था भी नामुमकिन है। ऐसे में उनके लिए दो वक्त का खाना तैयार करना भी मुश्किल हो गया है। उन्होंने जल्द गैस वितरण करने की मांग की। चेतावनी देते हुए कहा कि यदि ऐसा नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे। ज्ञापन देने वालों में पाभैं की प्रधान हेमा देवी, नैनी महर की प्रधान मीना देवी, ओड़माथा की प्रधान ललिता, सुजई के प्रधान इंद्र, जिला पंचायत सदस्य हेमा बम, कुसौली की प्रधान किरन आदि मौजूद रहे।