श्रीनगर नगर निगम क्षेत्र के केदार मोहल्ले में गंदे पेयजल की समस्या को लेकर सोमवार को स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। एसएसबी के समीप खादी बोर्ड कार्यालय स्थित ट्यूबवेल से दूषित पानी की सप्लाई होने के विरोध में वार्ड पार्षद मीना असवाल के नेतृत्व में मोहल्लेवासी जल संस्थान कार्यालय पहुंचे। इस दौरान अधिकारियों के अनुपस्थित मिलने पर लोगों का आक्रोश बढ़ गया और उन्होंने कार्यालय के बाहर जमकर नारेबाजी व प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने विभाग के खिलाफ लापरवाही का आरोप लगाते हुए जल्द समाधान की मांग उठाई।स्थानीय लोगों का कहना है कि मोहल्ले में लंबे समय से गंदे पानी की सप्लाई हो रही है। आरोप लगाया कि सीवर लाइन लीकेज होने के कारण पेयजल लाइन में दूषित पानी मिल रहा है, जिससे घरों में बदबूदार और गंदा पानी पहुंच रहा है। लोगों ने कहा कि कई बार शिकायत करने के बावजूद विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।मोहल्लेवासियों ने बताया कि बरसात के मौसम में समस्या और गंभीर हो जाती है। पानी में मिट्टी, गाद और गंदगी आने लगती है, जिससे लोगों को मजबूरन वही पानी इस्तेमाल करना पड़ रहा है।