कालाढूंगी विकासखंड कोटाबाग की ग्रामसभा रतनपुर के हरीपुर और विजयपुर गांव में मंगलवार रात हाथियों के झुंड ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया। करीब 10 से 15 हाथियों के झुंड ने सोयाबीन, गन्ना, धान व उड़द की फसलों को रौंद डाला। ग्रामीणों ने बताया कि हाथियों फसलों को बड़े पैमाने पर नुकसान पहुंचाया है। विमला देवी, गुरजीत सिंह, संजीव वालिया, अनिल कुमार, अंचल वालिया और तेजेंद्र सिंह वालिया सहित कई किसानों की कई बीघा फसल पूरी तरह बर्बाद हो गई है। घटना की जानकारी मिलने पर गदगदिया रेंजर जगदीश चंद्र जोशी टीम के साथ पहुंचे और प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। टीम ने किसानों को आश्वस्त किया कि रिपोर्ट तैयार कर आगे की कार्यवाही की जाएगी। किसानों ने वन विभाग से खेती के नुकसान का मुआवजा देने और भविष्य में हाथियों से सुरक्षा के लिए ठोस इंतजाम करने की मांग की है। वन विभाग की टीम में प्रमोद कुमार, ऋषिपाल, पंकज कुमार, सुरेंद्र राणा, राम सिंह, नंद राम आदि शामिल रहे।