चंपावत नगर के गांधी चौक में आयोजित हरेला मेले में लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। दशकों से लगने वाले इस पारंपरिक मेले में उत्तराखंड के विभिन्न जिलों के साथ ही उत्तर प्रदेश से भी कारोबारी अपने उत्पाद लेकर पहुंचे। सुबह से देर शाम तक मेले में खरीदारी करने वालों का तांता लगा रहा। मेले में घरेलू उपयोग की वस्तुएं, खिलौने, कपड़े, बर्तन, सजावटी सामान, कृषि उपकरण और खानपान की दुकानों पर लोगों की अच्छी खासी भीड़ देखने को मिली। बच्चों ने मनोरंजन के साधनों का भरपूर आनंद लिया। इसके अलावा महिलाओं ने घरेलू और सजावटी सामान की खरीदारी की।