अल्मोड़ा जिला निर्वाचन अधिकारी डीएम आलोक कुमार पांडे ने पंचायत चुनाव को लेकर आरओ, जोनल, सेक्टर मिजिस्ट्रेट और अधिकारियों के साथ ऑनलाइन बैठक की। उन्होंने सभी को 28 जुलाई को होने वाले पंचायत चुनाव को शांति पूर्वक संपन्न कराने के निर्देश दिए। शनिवार को हुई बैठक में डीएम ने सेक्टर और जोनल मजिस्ट्रेट को मतदान केंद्रों की भौतिक स्थिति को जांच कर समस्याओं का समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदान से पूर्व सभी बूथों की स्थिति दुरुस्त कर ली जाए। जिससे चुनाव के दिन किसी भी प्रकार की शिकायत न मिले। उन्होंने कहा कि लापरवाह कर्मचारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। सड़क मार्गों की स्थिति पर विशेष ध्यान दिया जाए जिससे मतदान दलों को परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने पुलिस के अधिकारियों को संवेदनशील और अतिसंवेदनशील बूथों की चेकिंग करने और सेक्टर और जोनल मिजिस्ट्रेट के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने को कहा। बैठक में सीडीओ रामजीशरण शर्मा, एडीएम चंद्र सिंह मर्तोलिया, डीडीओ संतोष कुमार पंत, सहायक सांख्यिकी अधिकारी अशोक कुमार मौजूद रहे।