अल्मोड़ा नगर के करबला के निकट विवेकानंद द्वार के समीप से शराब की दुकान को हटाने की मांग तेज हो गई है। पार्षदों, सामाजिक संगठनों और मातृ शक्ति ने जोरदार प्रदर्शन कर धरना दिया। उन्होंने जिला प्रशासन और प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने कहा कि नगर के प्रवेश द्वार के समीप शराब का ठेका बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वक्ताओं ने कहा कि शराब के ठेके के पास धार्मिक, सांस्कृतिक एवं शैक्षिक संस्थान है। इससे युवाओं, विद्यार्थियों में बुरा असर पड़ रहा है। साथ सांस्कृतिक नगरी की पहचान पर बुरा असर पड़ रहा है। शाम के समय महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों का बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है। उन्होंने 15 दिनों के भीतर शराब की दुकान को स्थानांतरित नहीं होने पर बड़ा आंदोलन करने की चेतावनी दी।