तीन दिवसीय दौरे पर काशी पहुंचीं केंद्रीय एमएसएमई, श्रम एवं सेवायोजन राज्यमंत्री शोभा कलंदराजे ने शुक्रवार को कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) अस्पताल का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल का भ्रमण करते हुए मरीजों से बातचीत किया और उपलब्ध सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल प्रशासन और मेडिकल स्टाफ के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं पर समीक्षा भी की।निरीक्षण के दौरान मंत्री ने पाया कि अस्पताल की ओपीडी सेवाओं पर अत्यधिक दबाव है। समीक्षा बैठक में बताया गया कि प्रतिदिन लगभग 1000 से 1200 मरीज इलाज कराने पहुंचते हैं, जबकि मेडिकल स्टाफ की संख्या पर्याप्त नहीं है। फार्मासिस्ट और लैब असिस्टेंट की कमी विशेष रूप से सामने आई। इस पर मंत्री ने अस्पताल के डीन और मेडिकल सुपरिटेंडेंट से कहा कि स्टाफ की कमी को लेकर विस्तृत लिखित प्रस्ताव तुरंत प्रस्तुत करें। उन्होंने आश्वासन दिया कि इस मुद्दे को शीघ्र ही डायरेक्टर जनरल के सामने रखा जाएगा और आवश्यकतानुसार नई तैनातियां कराई जाएंगी।