अतरौलिया थाना क्षेत्र के छितौनी गन्ना क्रय केंद्र पर किसानों का गुस्सा शनिवार को उस समय फूट पड़ा जब कांटा इंचार्ज ने गन्ना को रिजेक्ट बता कर खरीदने से इनकार कर दिया। किसानों का आरोप है कि पिछले तीन दिनों से हम लोग ट्राली पर लदा गन्ना क्रय केंद्र पर खड़ा किए हैं। हम लोगों को रोज किसी न किसी बात का बहाना बनाकर खरीदारी नहीं की जा रही थी। अब कहा जा रहा है कि गन्ना सूख गया है। शानिवार को इंचार्ज द्वारा रिजेक्ट गन्ना बता कर खरीदने से मना कर दिया गया। जिस पर किसान आक्रोशित हो गए और गन्ना क्रय पर जमकर हंगामा किए। किसान हाईवे जाम करने की रणनीति तैयार करने लगे। इसकी सूचना मिलते ही अतरौलिया थाना अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह तत्काल छितौनी गन्ना क्रय केंद्र पहुंचकर किसानों से वार्ता करते हुए हाईवे जाम करने से पहले ही उन्हें रोक लिए। अतरौलिया थानाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह ने कहा कि गन्ना खरीदारी की समस्या को लेकर मिल अधिकारियों से बात की गई है जल्द ही इसका समाधान निकालेंगे। वहीं गन्ना क्रय केंद्र के तौल लिपिक निखिल राम ने कहा कि हरियाणा 19 गन्ने की खरीदारी नहीं हो रही है तथा अर्ली गन्ने की खरीदारी हो रही है। रिजेक्ट गन्ने की खरीदारी के लिए मिल से रोक लगा दी गई है, इसलिए यह गन्ने की खरीदारी नहीं की जा रही है आगे जो भी आदेश आएगा उसका पालन किया जाएगा।