सीर गोवर्धनपुर के वार्ड नंबर 23 में संत रविदास मंदिर वाले संकरे मार्ग से नगर निगम की बड़ी कूड़ा गाड़ियों के आवागमन के विरोध में सपा नेता अमन यादव ने प्रदर्शन किया। उन्होंने कूड़ा गाड़ी के सामने लेटकर अपना विरोध जताया और नगर निगम प्रशासन से इस रास्ते पर बड़ी गाड़ियों का आवागमन बंद कराने की मांग की। सपा नेता अमन यादव ने कहा कि नगर निगम के अधिकारियों ने इस मार्ग से बड़ी कूड़ा गाड़ियों का आवागमन बंद करने के लिए एक सप्ताह का समय मांगा था। इसके बाद क्षेत्रीय लोगों ने अधिकारियों को दो सप्ताह का समय दिया। इसके बावजूद समयसीमा समाप्त होने के बाद भी संकरे रास्ते से कूड़ा गाड़ियों की आवाजाही जारी है। इससे स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अमन यादव ने आरोप लगाया कि टोल टैक्स बचाने के लिए बड़े ट्रकों को गांव के संकरे रास्ते से गुजारा जा रहा है। उन्होंने ट्रक चालकों के शराब पीकर वाहन चलाने की शिकायतों का भी जिक्र किया। उनका कहना है कि इससे स्थानीय निवासियों, बच्चों और राहगीरों की सुरक्षा को खतरा बना हुआ है। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय जनता की समस्या उनकी अपनी समस्या है। जब तक संकरे रास्ते से बड़ी कूड़ा गाड़ियों का आवागमन बंद नहीं होता, तब तक वह लोगों की आवाज उठाते रहेंगे। प्रदर्शन के दौरान लाल बहादुर यादव, रवि यादव, ओपी यादव, वीरेंद्र यादव समेत कई क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे। स्थानीय लोगों ने नगर निगम प्रशासन से मांग की कि संकरे मार्ग से बड़ी कूड़ा गाड़ियों का आवागमन तत्काल बंद कराया जाए और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।