भगवान शिव की नगरी काशी में इस बार महाशिवरात्रि का पर्व बेहद खास रहा। बुधवार को योगी सरकार ने श्रद्धालुओं पर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा कराकर इस अवसर को और भी भव्य बना दिया। श्रीकाशी विश्वनाथ धाम और गंगा घाटों पर हुई इस पुष्पवर्षा ने श्रद्धालुओं को आनंदित कर दिया। जैसे ही हेलीकॉप्टर आसमान में दिखाई दिया हर हर महादेव के जयघोष से पूरा वातावरण गूंज उठा। बता दें कि महाकुम्भ के बाद काशी में श्रद्धालुओं का पलट प्रवाह देखने को मिला। लाखों भक्त बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए पहुंचे। योगी सरकार ने धार्मिक आस्था को सम्मान देने की परंपरा को कायम रखते हुए इस महत्वपूर्ण पर्व पर भी पुष्पवर्षा की व्यवस्था की। महाकुम्भ के उपरांत काशी में भी यह पहल जारी रही। इस दौरान विभिन्न अखाड़ों की शोभायात्राएं निकाली गईं, जिसमें साधु-संतों के साथ-साथ देश भर से आए श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। भक्तों का उत्साह चरम पर देखा गया।