तिरुपति मंदिर का अभक्ष्य प्रसाद खाने वालों के प्रायश्चित के लिए श्री काशी विश्वनाथ से गुहार लगाई गई। काशीवासियों ने बाबा विश्वनाथ का षोडशोपचार पूजन करके अनजाने में हुई गलती के लिए क्षमा मांगी और सभी को इस पाप से मुक्ति व प्रायश्चित की कामना भी की। शुक्रवार को श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास और काशीवासियों के सहयोग से बाबा विश्वनाथ का ज्ञानवापी के कूप के जल से अभिषेक कर विधि-विधान से राजसी पूजन हुआ। मंदिर के अर्चक संजय पांडेय ने सभी अनुष्ठान पूर्ण कराए। बाबा विश्वनाथ को नौ किलो रबड़ी, तीन किलो मलाई पूड़ी और दो किलो मलाई अर्पित की गई। साथ ही 11 लीटर सेब की ठंडई, दो लीटर गन्ने का रस और एक लीटर गाय के घी व इत्र से अभिषेक किया गया। इसके बाद बाबा विश्वनाथ का लाल व सफेद कमल की 561 माला, गुलाब की 561 माला, 11-11 सौ नौ दल और 12 दल बेलपत्र, शमी का फूल व पत्तियाें से शृंगार किया गया।