फिल्म 'उदयपुर फाइल' के निर्देशक अमित जानी गुरुवार को एक दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंचे। काशी पहुंचने के बाद उन्होंने सबसे पहले श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में विधि-विधान से बाबा विश्वनाथ का दर्शन-पूजन किया और देश-प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर दर्शन के बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत में अपनी आगामी फिल्म 'ज्ञानवापी फाइल' बनाने की घोषणा कर दी। अमित जानी ने कहा कि बाबा विश्वनाथ समस्त सृष्टि के दुखों का निवारण करें और सभी पर अपनी कृपा बनाए रखें। उन्होंने प्रार्थना की कि उत्तर प्रदेश में एक बार फिर योगी आदित्यनाथ मुख्यमंत्री बनें तथा देश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बने। उन्होंने कहा कि काशी आकर उन्हें आध्यात्मिक शांति और विशेष ऊर्जा का अनुभव हुआ है। उन्होंने बताया कि यह उनका पहला काशी दौरा है। बाबा विश्वनाथ के दर्शन उनके लिए अविस्मरणीय रहे। उन्होंने काशी की धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत की सराहना करते हुए कहा कि यह नगरी पूरे विश्व के लिए आस्था और सनातन संस्कृति का प्रमुख केंद्र है। अपनी अगली फिल्म को लेकर अमित जानी ने कहा कि 'उदयपुर फाइल' के बाद अब 'ज्ञानवापी फाइल' पर काम किया जाएगा। हालांकि उन्होंने फिल्म की कहानी, कलाकारों या निर्माण की समय-सीमा को लेकर कोई विस्तृत जानकारी साझा नहीं की। उनके इस बयान के बाद राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। गौरतलब है कि ज्ञानवापी परिसर से जुड़े मुद्दे पहले से ही राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का विषय रहे हैं। ऐसे में अमित जानी की नई फिल्म की घोषणा को लेकर भी विभिन्न स्तरों पर प्रतिक्रियाएं सामने आने की संभावना जताई जा रही है।