कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे के उद्घाटन के महज 12 दिन बाद ही कोरारी के पास सड़क धंसने का मामला सामने आया है। सड़क धंसने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद एक्सप्रेसवे के निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे। सूचना मिलते ही निर्माण एजेंसी पीएनसी ने मौके पर मरम्मत कार्य शुरू करा दिया। 13 जुलाई को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संयुक्त रूप से कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे का उद्घाटन किया था। शनिवार को बारिश के बाद लखनऊ जाने वाली लेन पर किलोमीटर संख्या 64.4 पर अचलगंज के कोरारी टोल प्लाजा से करीब एक किलोमीटर आगे सड़क का पांच से सात मीटर हिस्सा धंस गया।