बल्दीराय के टडरसा गांव में पारिवारिक रंजिश के चलते सोमवार सुबह हुई मारपीट में घायल सिकंदर सिंह (36) की मंगलवार को अयोध्या के निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद बुधवार को सिकंदर का शव घर पहुंचा तो परिजनों ने अंतिम संस्कार से इन्कार कर दिया और शव रखकर देहली हेरिंग्टनगंज संपर्क मार्ग जाम कर दिया। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, पुलिस अधीक्षक चारू निगम ने दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही के आरोप में चौकी इंचार्ज राकेश ओझा को निलंबित कर दिया गया है। परिजनों को समझाने में पुलिस प्रशासन के अधिकारी लगे रहे।