यूपी के सुल्तानपुर में समाजवादी पार्टी के पूर्व सेक्टर प्रभारी सुनील यादव की रविवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। आरोप है कि सुबह सुनील ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट की थी। इसमें उन्होंने सपा के पूर्व विधायक संतोष पांडेय के साले पर गंभीर आरोप लगाते हुए हत्या करवाने की आशंका व्यक्त की थी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाया है। मामले की छानबीन की जा रही है। मामला चांदा कोतवाली के मदारडीह गांव का है। गांव निवासी सपा का पूर्व सेक्टर प्रभारी सुनील यादव आगामी पंचायत चुनाव में ग्राम प्रधान का चुनाव लड़ना चाहता था। ये बात इसी गांव के रहने वाले विवेक मिश्रा और सोनावा निवासी सुशील निषाद को नागवार लगी। उन्होंने उसे चुनाव न लड़ने की चेतावनी दी थी। साथ ही ये भी कहा था कि अगर चुनाव लड़ोगे तो तुम्हारी हत्या कर दी जाएगी। गौरतलब हो कि विवेक मिश्रा लंभुआ के पूर्व सपा विधायक संतोष पांडेय के साले हैं। बीती तीन जुलाई को सुनील यादव ने अपने फेसबुक पर इससे संबंधित पोस्ट की। डीजीपी, सुल्तानपुर एसपी, सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी के ऑफिशियल फेसबुक पर टैग भी किया था। लेकिन, बाद में उसकी इस पोस्ट को डिलीट करवा दिया गया। अब रविवार को सुनील यादव की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सुनील की मौत की खबर लगते ही लोग इसे फेसबुक पोस्ट से जोड़कर देखने लगे। मृतक सुनील के भाई भी बाहर रहते हैं। ऐसे में उन्हें भी यहां के राजनीति की कोई जानकारी नहीं।