सुल्तानपुर में गंगा दशहरा पर मंगलवार को तेज धूप पर आस्था भारी पड़ी। धूप की परवाह किए बिना ही हजारों श्रद्धालुओं ने लंभुआ के धोपाप स्थित आदि गंगा गोमती नदी में डुबकी लगाई। इस दौरान श्रद्धालुओं ने पूजन, अन्नदान व गोदान करके पुण्य कमाया। धोपाप धाम की महत्ता को देखते हुए सोमवार से ही श्रद्धालु पहुंचने लगे थे। एक दिन पहले पहुंचे लोगों ने सोमवार की शाम नदी में स्नान किया। रात में दो बजे से तीर्थराज धोपाप में आदि गंगा गोमती के पावन तट पर डुबकी लगाने का सिलसिला शुरू हुआ। लोगों ने गोमती नदी में डुबकी लगाकर पुण्य अर्जित किया। श्रद्धालुओं ने आदि गंगा गोमती में स्नान के बाद घाट पर ही पूजन-अर्चन किया। बुजुर्गों ने गोदान व अन्नदान की परंपरा का निर्वहन किया। श्रद्धालुओं ने टीले पर स्थित श्रीरामजानकी मंदिर में दर्शन-पूजन भी किया। धार्मिक क्रियाकलाप से निवृत्त होकर श्रद्धालुओं ने मेले में रोजमर्रा की जरूरत के सामान व शृंगार सामग्री की खरीदारी की। स्नान पर्व को देखते हुए धोपाप में एसडीआरएफ, पीएसी के अलावा लंभुआ, कादीपुर, शिवगढ़, चांदा कोतवाली की पुलिस तैनात रही।