उत्तर प्रदेश मदरसा शिक्षा परिषद ने शुक्रवार को मौलवी (हाईस्कूल) व आलिम (इंटरमीडिएट) का रिजल्ट घोषित कर दिया। मौलवी की परीक्षा में पूरे प्रदेश में सर्वाधिक अंक लाकर सुल्तानपुर के नरहरपुर निवासी मो. आकिब ने टाप किया है। मो. आकिब के टाप करने की सूचना फैलते ही पूरे क्षेत्र में खुशी छा गई। आकिब के घर बधाई देने वालों का तांता लगा है। आकिब को 600 में से 536 अंक मिले हैं। नरहरपुर निवासी पेशे से कृषक मोहम्मद इमरान के एक पुत्र तथा तीन पुत्रियां हैं। पुत्र मोहम्मद आकिब ने प्राथमिक व जूनियर की शिक्षा गांव के ही मदरसे में लेने के बाद कक्षा 9 में मुसाफिरखाना जिला अमेठी के पूरे मो. नेवाज में स्थित मदरसा गाजी मसूदुल उलूम में प्रवेश लिया। मो. आकिब का कहना है कि उसके घर में शुरू से ही पढ़ाई का माहौल था। परिवार में कई लोग सरकारी नौकरी भी करते हैं। देश सेवा के लिए सेना में भर्ती होने का जज्बा लिए आकिब आगे की पढ़ाई के लिए अलीगढ़ जाना चाहते हैं। आकिब की सफलता पर बहन आलिया, नादिरा तथा अरबिया तथा माता सगीरुलनिशा फूली नहीं समा रही है। आलिया का कहना है कि भाई ने परे प्रदेश में टाप कर हम सब भाई बहनों तथा गांव के बच्चों के लिए प्रेरणाश्रोत बनने का काम किया है। प्रबंधक मो. तौकीर खान, प्रिसिंपल मो. यूसुफ, ग्राम प्रधान नंद लाल, हाजी नसीम, हाजी वकील, रफीक, हयात उल्ला आदि ने आकिब को आगे बढ़ने की शुभकामनाएं देते हुए बधाई दी है।